अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: हंस फाउंडेशन ने महोबा में किया भव्य आयोजन, महिलाओं के अधिकारों पर जोर

रिपोर्ट : शान मुहम्मद (शानू)
महोबा, 12 मार्च 2025: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर द हंस फाउंडेशन द्वारा महोबा के अंबे पैलेस में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में महिला सशक्तिकरण, अधिकारों और सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद अतिथियों का शॉल और पुष्प देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. क्रांति राजपूत (चिकित्सा अधिकारी, महिला अस्पताल) और सुषमा चौधरी (महिला थानाध्यक्ष, महिला थाना) ने भाग लिया। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मधुबाला चौरसिया (बाल कल्याण समिति सदस्य), परवीन (काउंसलर, आशा ग्रामुत्थान संस्थान), छमा (सेंटर मैनेजर, वन स्टॉप सेंटर), और अर्चना (केस वर्कर, वन स्टॉप सेंटर) जैसे विशिष्ट अतिथियों ने भी भाग लिया। महिला सुरक्षा फाउंडेशन एवं चेरिटेबल ट्रस्ट की महोबा जिलाध्यक्ष एडवोकेट परवीन ने संविधान में महिलाओं को मिले कानूनी अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में हर महिला को अपने हक और अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए।

कार्यक्रम में महिलाओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास के संबंध में जागरूक किया गया और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी गई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की उपलब्धियों को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है।
इस आयोजन ने महोबा में महिलाओं के अधिकारों और उनके कल्याण को लेकर जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।