Site icon सत्यभारत

ई रिक्शा चालक ने की महिला के साथ छेडखानी, चप्पलों से हुई पिटाई

महोबा। मिशन शक्ति अभियान सोशल मीडिया में ही सिमटता दिखाई दे रहा है। महोबा पुलिस और एंटी रोमियो टीम शायद फ़ोटो सेशन तक की सीमित है। यही कारण है कि शहर में जगह-जगह छेड़खानी के मामले सामने आ रहे हैं। राह चलती स्कूली छात्राओं के अलावा मनचले महिलाओं को भी छेड़ने से बाज नहीं आ रहे। जिससे कहीं ना कहीं महोबा की एंटी रोमियो टीम के कार्यों पर सवाल खड़े होते हैं। आज फिर सरेआम एक महिला से ई रिक्शा चालक ने छेड़खानी कर दी इसके बाद महिला ने अपने बचाव के लिए आव देखा ना ताव ई रिक्शा चालक की चप्पलों से पिटाई करना शुरू कर दी। एक के बाद एक मनचले की चप्पलों से पिटाई की गई। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
शहर में अराजक तत्व व मनचलों द्वारा राह गुजरती लड़कियों और महिलाओं से छीटाकशी के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे। जबकि महोबा पुलिस सोशल मीडिया में एंटी रोमियो टीम के सख्त होने के तमाम दावे कर रही है फोटो सेशन कर आए दिन तस्वीरें भी सामने आती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि महोबा शहर में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम मनचले छेड़खानी की वारदातों को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे। बताया जाता है कि महोबा सुभाष चैकी से चंद कदम की दूरी पर खोया मंडी के पास एक महिला के साथ ई रिक्शा चालक ने छेड़खानी कर दी। हद तो तब हो गई जब पुलिस से बेख़ौफ़ मनचले ने महिला का हाथ पकड़ लिया जबकि पास में ही सुभाष पुलिस चैकी स्थित है। मगर किसी भी पुलिसकर्मी के नजर ना आने पर महिला खुद ही अबला से सबला बन बैठी और हाथों में चप्पल लिए मनचले को सबक सिखा दिया। एक नही, दो नही बल्कि 6 बार उसे चप्पलों से मारा पीटा। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। मनचले की ही हरकत का महिला ने विरोध किया मगर वहां मौजूद भीड़ सिर्फ तमाशबीन बनी रही। बताया जाता है कि महिला अपने घर जा रही थी तभी ई रिक्शा चला रहे युवक ने महिला से छेड़खानी कर हाथ पकड़ लिया था, जिस पर महिला ने उसे सबक सिखाया है। बड़ी बात है कि महोबा में एंटी रोमियो टीम और पुलिस सोशल मीडिया में महिलाओं को जागरूक करने के लाख दावे करती है। लेकिन यह घटना मिशन शक्ति के एंटी रोमियों टीम के कार्यों पर सवाल खड़े कर रही है।

Exit mobile version